पन्ना, अमित सिंह। पन्ना में स्वतंत्रता दिवस के दिन भी राहगीरों को ट्रैफिक जाम की गंभीर समस्या से राहत नहीं मिल सकी। पन्ना की कुख्यात मंडला घाटी में ट्रक खराब होने और बस फंसने के कारण करीब पांच घंटे तक भीषण जाम लगा रहा। जाम के चलते घाटी के दोनों ओर वाहनों की किलोमीटर लंबी कतारें लग गईं और सैकड़ों राहगीर घंटों सड़क पर फंसे रहे।
जाम की सूचना मिलने पर मंडला थाना प्रभारी बखत सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जाम खुलवाने के लिए मोर्चा संभाला। पुलिस ने राहगीरों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद यातायात बहाल कराया।
स्थानीय लोगों और वाहन चालकों का कहना है कि मंडला घाटी में आए दिन जाम की स्थिति बनती है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। लोगों ने घाटी में जाम की समस्या का स्थायी समाधान किए जाने की मांग की है। राहगीरों का कहना है कि किसी आपात स्थिति या मेडिकल इमरजेंसी के दौरान घंटों सड़क पर फंसे रहना गंभीर और जानलेवा साबित हो सकता है।




