देवास/सतवास। राजगढ़ जिले के सारंगपुर में हुए एक भीषण सड़क हादसे में जान गंवाने वाले एक ही परिवार के 9 सदस्यों का अंतिम संस्कार कर दिया गया। जब गांव से एक साथ 9 अर्थियां उठीं, तो वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो गईं। मृतकों में चार मासूम बच्चे भी शामिल हैं।

हादसे में जान गंवाने वाले शंकर, सागर बाई, विशाल, उसकी पत्नी पूजा, बेटी वंशिका और महक का अंतिम संस्कार देवास जिले के ग्राम धांसड़ में एक ही चिता पर किया गया। वहीं, शंकर की बेटी रीनू बाई, उनके बेटे राजवीर और बेटी जसप्रीत का अंतिम संस्कार खंडवा जिले के पुनासा में संपन्न हुआ।


लकवाग्रस्त मां के इलाज के लिए जा रहा था परिवार

ग्रामीणों और पूर्व सरपंच ओमप्रकाश पटेल के अनुसार, परिवार की बुजुर्ग महिला सागर बाई कुछ समय पूर्व एक दुर्घटना के बाद लकवाग्रस्त होकर कोमा में चली गई थीं। उनके इलाज के लिए परिवार उन्हें सारंगपुर के पास स्थित एक देव स्थान पर ले जा रहा था। इलाज का खर्च उठाने के लिए आर्थिक रूप से कमजोर इस परिवार ने अपनी जमीन तक गिरवी रख दी थी। परिवार में अब केवल एक बेटा कुशाल ही बचा है, जो इंदौर में रहकर मजदूरी करता है।


कैसे हुआ हादसा?

सोमवार को इलाके में 24 घंटे के भीतर 8 इंच बारिश दर्ज की गई, जिससे नदी-नाले उफान पर थे। बाहरी चालक होने के कारण उसे स्थानीय रास्तों और पुल पर पानी के तेज बहाव का सही अंदाजा नहीं था। ग्रामीणों द्वारा चेतावनी दिए जाने और रोकने के बावजूद चालक कार को पुलिया की ओर ले गया। पानी के तेज बहाव में ईको कार अनियंत्रित होकर पुलिया से नीचे बह गई। रेस्क्यू टीम केवल दो लोगों को ही बचा सकी।


देर रात अस्पताल पहुंचे शव

सोमवार देर रात करीब 10:45 बजे सभी शवों को सतवास शासकीय अस्पताल की मर्चुरी में रखा गया था। सतवास तहसीलदार संजय गर्ग ने बताया कि शवों के आने में हुई देरी को ध्यान में रखते हुए अस्पताल में रात के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे।


सरकार और प्रशासन ने की आर्थिक सहायता की घोषणा

  • मुख्यमंत्री राहत कोष: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
  • आरबीसी-6 (4) के तहत मदद: राजगढ़ कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा ने भी परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत करने की जानकारी दी।
  • अंतिम संस्कार सहायता: कन्नौद एसडीएम प्रिया चंद्रावत के अनुसार, जनपद पंचायत की ओर से अंतिम संस्कार के लिए 5-5 हजार रुपये की तत्काल सहायता राशि प्रदान की गई है।