नई दिल्ली। कनाडा के बैटिंग ऑलराउंडर हर्ष ठाकर पर शुक्रवार को स्कॉटलैंड के खिलाफ आईसीसी पुरुष क्रिकेट विश्व कप लीग 2 मैच के दौरान अंपायर के फैसले पर असहमति जताने के लिए उनकी मैच फीस का 30 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है।ठाकर को खिलाड़ियों और खिलाड़ी सहायता कर्मियों के लिए आईसीसी आचार संहिता के अनुच्छेद 2.8 का उल्लंघन करते हुए पाया गया, जो "अंतर्राष्ट्रीय मैच के दौरान अंपायर के फैसले पर असहमति जताने" से संबंधित है। इसके अलावा, कनाडा के खिलाड़ी के आधिकारिक अनुशासनात्मक रिकॉर्ड में दो डिमेरिट प्वाइंट भी जोड़े गए हैं; यह 24 महीनों के भीतर उनका पहला अपराध है।

यह घटना 26वें ओवर के अंत में हुई, जब ऑन-फील्ड अंपायर द्वारा उनकी एलबीडब्ल्यू की अपील को खारिज करने के बाद ठाकर ने कड़ी निराशा जताई।ठाकर ने अपने हाथ हिलाकर और सिर हिलाकर प्रतिक्रिया दी। इसके बाद अंपायर से अपनी कैप वापस मिलने पर ठाकर ने मैदान के बाहर अपने कोचिंग स्टाफ की ओर इशारा किया कि बल्लेबाज आउट था।

ठाकर ने अपराध स्वीकार कर लिया और मैच रेफरी ग्राहम मैकक्री द्वारा प्रस्तावित सजा को मान लिया है, जिसके कारण किसी भी तरह की औपचारिक सुनवाई की आवश्यकता नहीं पड़ी। ये आरोप आधिकारिक तौर पर ऑन-फील्ड अंपायर गाजी सोहेल और इयान मैकडोनाल्ड के साथ-साथ रिजर्व अंपायर डेविड मैक्लीन द्वारा लगाए गए थे। स्कॉटलैंड ने इस मुकाबले में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 50 ओवर में 7 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 347 रन लगाए। इसके जवाब में कनाडा की पूरी टीम सिर्फ 177 रन बनाकर सिमट गई। स्कॉटलैंड के गेंदबाज लायल रॉबर्टसन ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 10 ओवर में 52 रन देकर 6 विकेट अपने नाम किए।

लेवल 1 के उल्लंघन के लिए न्यूनतम सजा आधिकारिक फटकार, अधिकतम खिलाड़ी की मैच फीस का 50 प्रतिशत जुर्माना और उनके रिकॉर्ड में एक या दो डिमेरिट प्वाइंट जोड़ना है। जब कोई खिलाड़ी 24 महीनों के भीतर चार या अधिक डिमेरिट प्वाइंट तक पहुंच जाता है, तो उन्हें सस्पेंशन प्वाइंट में बदल दिया जाता है, जिसके परिणामस्वरूप खिलाड़ी को बैन झेलना पड़ा है। खिलाड़ी पर एक टेस्ट, दो वनडे या दो टी20 इंटरनेशनल मैचों का बैन लगाया जाता है।