भोपाल। राजधानी भोपाल के अशोका गार्डन थाना क्षेत्र से एक अजीबोगरीब और हाई-वोल्टेज पारिवारिक विवाद का मामला सामने आया है। नाइट शिफ्ट ड्यूटी के लिए निकले एक पति ने जब रास्ते में मोमोज के ठेले पर अपनी पत्नी को किसी अन्य युवक के साथ देखा, तो सड़क पर ही जोरदार हंगामा शुरू हो गया। दोनों पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ा कि सरेराह जमकर लात-घूंसे चले, जिसका वीडियो अब इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार, पति रोजमर्रा की तरह अपनी रात की ड्यूटी के लिए घर से निकला था। रास्ते में भूख लगने पर उसने अपने दोस्त से गाड़ी मोमोज के एक स्टॉल के पास रोकने को कहा। जैसे ही उसकी नजर दुकान पर पड़ी, उसने देखा कि जिस पत्नी को वह घर पर छोड़कर आया था, वह वहां एक गैर युवक के साथ मौजूद थी।

पत्नी को अन्य युवक के साथ देखकर पति आक्रोशित हो गया और उसने तुरंत मौके पर पहुंचकर पूछताछ शुरू कर दी। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई, जिसने जल्द ही हिंसक रूप ले लिया। सड़क पर हो रहे हंगामे और मारपीट को देखकर मौके पर राहगीरों व स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। लोगों ने बीच-बचाव कराने का प्रयास किया, लेकिन काफी देर तक सड़क पर ड्रामा चलता रहा।

घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया, जो अब जमकर वायरल हो रहा है। मामले को लेकर एडिशनल डीसीपी सुनील शर्मा ने बताया कि पुलिस के संज्ञान में यह घटना सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के माध्यम से आई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से अशोका गार्डन थाने में कोई औपचारिक या लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस मामले और वायरल वीडियो पर नजर बनाए हुए है।