छतरपुर /लवकुशनगर। स्वतंत्रता दिवस के दिन लवकुशनगर थाना क्षेत्र के गुढ़ा कला गांव में हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया। शनिवार सुबह करीब 8 बजे दो स्कूली छात्र स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए स्कूल जा रहे थे, तभी पीछे से आई एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अनिल अहिरवार (16 वर्ष), पिता सीताराम अहिरवार एवं लोकेश बसोर (14 वर्ष), पिता रमेश बसोर बाइक से स्कूल जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार अर्टिगा कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
हादसा इतना भीषण था कि अनिल अहिरवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि लोकेश बसोर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल लोकेश को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही लवकुशनगर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए दुर्घटना के कारणों और वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों के अनुसार दुर्घटना में शामिल वाहन अर्टिगा कार क्रमांक MP07AJ8304 बताई जा रही है। हालांकि पुलिस की ओर से वाहन और चालक के संबंध में आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।
स्वतंत्रता दिवस के उत्सव के बीच हुई इस दर्दनाक घटना से गुढ़ा कला सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। मृतक छात्रों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने दोषी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता दिए जाने की मांग की है।




