संसद सत्र NDA संसदीय दल की बैठक, अमेरिका से ट्रेड डील पर पीएम मोदी का स्वागत, कांग्रेस सांसदों की भी बैठक

Advertisement
नई दिल्ली। संसद के बजट सत्र के दौरान मंगलवार को NDA संसदीय दल की बैठक संसद भवन की एनेक्सी बिल्डिंग में आयोजित की गई। इस दौरान अमेरिका के साथ हुई व्यापार डील को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का NDA सांसदों ने स्वागत किया। केंद्रीय मंत्री किरेण रिजिजू ने इस समझौते को “अद्भुत और ऐतिहासिक” बताया।
बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। वहीं, कांग्रेस सांसदों की भी संसद परिसर स्थित कांग्रेस संसदीय दल (CPP) कार्यालय में बैठक हुई। कांग्रेस नेताओं ने भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर सरकार से स्पष्टता की मांग की। कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने आरोप लगाया कि देश से जुड़े अहम फैसलों की जानकारी प्रधानमंत्री की बजाय अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के बयानों से मिल रही है, जो चिंताजनक है।
कांग्रेस सांसद जेबी माथेर ने भी सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि ट्रेड डील, टैरिफ और तेल आयात जैसे मुद्दों पर संसद और देश को भरोसे में लिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार को इन समझौतों पर संसद में चर्चा करानी चाहिए।
आज बजट सत्र का पांचवां दिन है। लोकसभा और राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा जारी रहेगी। अमेरिका से ट्रेड डील और पूर्व आर्मी चीफ जनरल नरवणे की किताब से जुड़े मुद्दों पर दोनों सदनों में हंगामे की संभावना जताई जा रही है।
