भोपाल, जीतेन्द्र यादव। राजीव गांधी की जयंती के अवसर पर कांग्रेस ने उन्हें याद करते हुए पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने प्रेस वार्ता की। पटवारी ने राजीव गांधी को पंचायती राज और कंप्यूटर क्रांति का जनक बताते हुए कहा कि आज संविधान खतरे में है और कांग्रेस लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए लगातार आवाज उठाएगी।


पटवारी ने शिक्षा व्यवस्था को लेकर सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था पर सरकार को श्वेत पत्र जारी करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शिक्षा सुधार के लिए सरकार के साथ मिलकर काम करने को तैयार है। छात्रों की समस्याओं और उनकी आवाज को उठाने के लिए देशभर में 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।


उन्होंने बताया कि कांग्रेस हर स्कूल में दस्तक देगी। पंचायत कांग्रेस अध्यक्ष स्कूलों की स्थिति का जायजा लेकर उसकी तस्वीरें और जानकारी सोशल मीडिया पर पोस्ट करेंगे और सरकार को टैग करेंगे। शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर पूरे संभाग में साइकिल यात्रा भी निकाली जाएगी। पटवारी ने कहा कि शिक्षा के मुद्दे पर राजनीति नहीं होनी चाहिए, लेकिन यदि व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो भारत में भी युवाओं की क्रांति जैसी स्थिति बन सकती है।


महंगाई के मुद्दे पर भी पटवारी ने सरकार को घेरा। उन्होंने शक्कर, खाद्य तेल, दूध और दाल के बढ़ते दामों पर चिंता जताते हुए कहा कि दूध महंगा होने के बावजूद किसानों को उसका उचित लाभ नहीं मिल रहा है।


शराब के मुद्दे पर पटवारी ने सरकार पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस ने कभी यह नहीं कहा कि बहनों को मिलने वाली आर्थिक सहायता से वे शराब पीती हैं। उन्होंने उज्जैन से भावनगर तक अवैध शराब के मामले में 9 लोगों की मौत का दावा करते हुए कहा कि जहां शराबबंदी है, वहां भी अवैध शराब की बिक्री पर सरकार को लगाम लगानी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि शराब के मुद्दे पर आने वाले समय में कांग्रेस बड़ा आंदोलन करेगी।


बीजेपी नेता पन्नालाल शाक्य के बयान पर पटवारी ने भाजपा पर हमला बोलते हुए इसे पार्टी का मूल चरित्र और चेहरा बताया। वहीं वंदे मातरम विवाद पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस संविधान का पूरी तरह पालन करती है और उसे भाजपा से राष्ट्रभक्ति का प्रमाण पत्र लेने की जरूरत नहीं है।


पटवारी ने कहा कि कांग्रेस का शहादत का लंबा इतिहास रहा है और पार्टी संविधान, लोकतंत्र तथा देश के हितों की रक्षा के लिए अपनी लड़ाई जारी रखेगी।