भोपाल, जीतेन्द्र यादव। मध्य प्रदेश के अलग-अलग जिलों से भोपाल पहुंचे नर्सिंग स्टूडेंट्स ने अपनी मांगों को लेकर मुख्यमंत्री निवास के पास सड़क पर धरना शुरू कर दिया है। छात्रों का कहना है कि 2020 में उन्होंने नर्सिंग डिप्लोमा और डिग्री कोर्स में प्रवेश लिया था, लेकिन छह साल बीत जाने के बाद भी उन्हें न तो परीक्षा परिणाम मिला है और न ही डिग्री मिल सकी है।


छात्रों के मुताबिक, सामान्य तौर पर नर्सिंग डिप्लोमा का कोर्स तीन साल और डिग्री कोर्स चार साल में पूरा हो जाता है। उनका कोर्स वर्ष 2024 तक पूरा हो जाना चाहिए था, लेकिन वर्ष 2026 में भी वे रिजल्ट और डिग्री के इंतजार में हैं। इसके चलते हजारों छात्र आगे की पढ़ाई और नौकरी के अवसरों से वंचित हो रहे हैं।


धरने पर बैठे छात्रों ने आरोप लगाया कि नर्सिंग कॉलेजों से जुड़े फर्जीवाड़े और सिस्टम की लापरवाही का खामियाजा ईमानदारी से पढ़ाई करने वाले छात्रों को भुगतना पड़ रहा है। छात्रों का कहना है कि छह साल का समय बीतने के बावजूद उनकी शैक्षणिक स्थिति स्पष्ट नहीं है।


मुख्यमंत्री निवास से चंद कदमों की दूरी पर धरना दे रहे Gen Z नर्सिंग स्टूडेंट्स सरकार से जल्द रिजल्ट जारी करने, डिग्री प्रदान करने और पूरे मामले का स्थायी समाधान करने की मांग कर रहे हैं। छात्रों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, उनका आंदोलन जारी रहेगा।