मुरैना। जिला अस्पताल से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां मरीज की देखभाल को लेकर हुए विवाद के दौरान एक स्टाफ नर्स का व्यवहार चर्चा का विषय बन गया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में नर्स और मरीज के परिजनों के बीच तीखी बहस होती दिखाई दे रही है। आरोप है कि नर्स ने गुस्से में मरीज के अटेंडर की ओर बोतल फेंककर मारी और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया।


जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर जिला अस्पताल के मेडिकल वार्ड में भर्ती एक मरीज की ड्रिप समाप्त हो गई थी। परिजनों का आरोप है कि नई बोतल लगाने के लिए कई बार स्टाफ को सूचना दी गई, लेकिन समय पर कोई नहीं पहुंचा। इसी बात को लेकर मरीज के स्वजन ने मोबाइल से वीडियो बनाना शुरू कर दिया।


वीडियो बनाए जाने से नाराज एक स्टाफ नर्स ने कथित तौर पर मोबाइल छीनने का प्रयास किया और फिर गुस्से में बोतल फेंक दी। वायरल वीडियो में नर्स और मरीज के परिजनों के बीच तीखी नोकझोंक भी दिखाई दे रही है।


परिजनों का आरोप है कि नर्स ने मरीज के साथ भी अभद्र व्यवहार किया और थप्पड़ तक मार दिया। वहीं वीडियो में नर्स यह कहते हुए सुनाई दे रही है कि अगर इलाज से संतुष्ट नहीं हैं तो सरकारी अस्पताल की बजाय निजी अस्पताल में जाएं।

जिला अस्पताल से सामने आए इस वीडियो ने स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था और मरीजों के साथ होने वाले व्यवहार को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है। अब लोगों की मांग है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वालों पर उचित कार्रवाई की जाए।


फिलहाल यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और पूरे मामले को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है। अब सभी की नजर अस्पताल प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हुई है।