बांदा। शहर के अति-सुरक्षित माने जाने वाले वीआईपी इलाके में स्थित जिला अस्पताल परिसर में चोरों ने सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए एक ही रात में तीन अलग-अलग वाहनों को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। अस्पताल परिसर डीआईजी कार्यालय, पुलिस अधीक्षक आवास, पुलिस लाइन और दो पुलिस चौकियों के बिल्कुल समीप होने के बावजूद चोर बेखौफ होकर घटनाओं को अंजाम देकर फरार हो गए।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोतवाली नगर अंतर्गत सिविल लाइन पुलिस चौकी की रिपोर्टिंग चौकी क्षेत्र में आने वाले जिला अस्पताल में इलाज कराने पहुंचे मरीजों और तीमारदारों के वाहनों पर चोरों ने हाथ साफ कर दिया। अज्ञात चोरों ने अस्पताल परिसर से एक मरीज का ई-रिक्शा, एक बाइक और एक ऑटो की बैटरी पार कर दी। सुबह जब पीड़ितों को चोरी का पता चला, तो उनके होश उड़ गए। पीड़ितों का आरोप है कि घटना के बाद वे रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए काफी देर तक भटकते रहे, लेकिन उन्हें त्वरित सहायता नहीं मिली। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस अधिकारियों के आवासों के पास स्थित जिला अस्पताल में हुई इस सिलसिलेवार चोरी से अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।