नौगांव,कमल यादव । खेल प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। नौगांव स्थित राजा यादवेंद्र सिंह स्टेडियम में आधुनिक फ्लड लाइट लगाने का कार्य तेजी से जारी है। करीब 70 लाख रुपये की लागत से चल रहे इस प्रोजेक्ट के तहत स्टेडियम में चार ऊंचे पोल स्थापित किए जा रहे हैं, जिन पर लगभग 500 वॉट की 160 फ्लड लाइटें लगाई जाएंगी।


इस कार्य को कानपुर की एक निजी कंपनी द्वारा अंजाम दिया जा रहा है, जिसके लिए विशेष मशीनों और अनुभवी कारीगरों को मौके पर बुलाया गया है। जानकारी के अनुसार, अधिकांश पोल खड़े किए जा चुके हैं और अगले एक-दो दिनों में लाइटों की टेस्टिंग शुरू होने की संभावना है। फ्लड लाइट लगने के बाद स्टेडियम में नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट आयोजित किए जाएंगे, जिससे क्षेत्र में खेल गतिविधियों को नई गति मिलेगी। यह पहल न केवल खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं देगी, बल्कि दर्शकों के लिए भी नया अनुभव लेकर आएगी।


क्षेत्रीय विधायक कामाख्या प्रताप सिंह ने बताया कि स्टेडियम के समग्र विकास के लिए कई योजनाएं तैयार की गई हैं। उन्होंने बताया कि लगभग 50 लाख रुपये की लागत से नया पवेलियन भी बनाया जाएगा, जिसकी राशि स्वीकृत हो चुकी है। इसके अलावा महिला स्टैंड, वीआईपी स्टैंड और पत्रकार स्टैंड जैसी सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी।


स्टेडियम परिसर में खेल सुविधाओं के विस्तार पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। प्रस्तावित योजनाओं में स्विमिंग पूल, टेनिस कोर्ट और बास्केटबॉल कोर्ट जैसी आधुनिक व्यवस्थाएं शामिल हैं। साथ ही खिलाड़ियों और आम नागरिकों के लिए एक अलग रनिंग ट्रैक भी तैयार किया जाएगा, जिससे फिटनेस गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।


विधायक के अनुसार, आगामी पांच वर्षों में स्टेडियम को चारों ओर से विकसित कर एक आधुनिक खेल परिसर के रूप में तैयार किया जाएगा। इस परियोजना की निगरानी स्वयं विधायक द्वारा की जा रही है, जिससे कार्य में तेजी और गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सके।


गौरतलब है कि यह स्टेडियम पहले से ही क्षेत्र में खेल गतिविधियों का प्रमुख केंद्र रहा है, जहां हर वर्ष बड़ी संख्या में दर्शक क्रिकेट मैचों का आनंद लेने पहुंचते हैं। अब अत्याधुनिक फ्लड लाइट और अन्य सुविधाओं के साथ यह स्टेडियम न केवल खिलाड़ियों के लिए बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए आकर्षण का केंद्र बनने जा रहा है।