सतना,अंबिका केशरी। नारी शक्ति वंदन पखवाड़ा के तहत मंगलवार को सतना में आयोजित पत्रकार वार्ता में राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी ने महिलाओं के सशक्तिकरण को लेकर सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। भाजपा कार्यालय में आयोजित इस संवाद कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि आज भारत की महिलाएं हर क्षेत्र में आत्मनिर्भर बन रही हैं और अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं।


उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारें महिलाओं की भागीदारी को राजनीति सहित हर क्षेत्र में बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। इसी दिशा में नारी शक्ति वंदन अधिनियम एक ऐतिहासिक पहल है, जो महिलाओं को निर्णय लेने की प्रक्रिया में अधिक भागीदारी सुनिश्चित करेगा। यह अधिनियम महिलाओं के आत्मसम्मान, अधिकार और सशक्तिकरण को नई दिशा देने वाला साबित होगा।


पत्रकार वार्ता के दौरान नगर निगम सतना से जुड़े मुद्दे भी प्रमुखता से उठाए गए। नगर निगम में कार्यरत महिला इंजीनियरों को फील्ड वर्क नहीं दिए जाने को लेकर सवाल पूछे गए। इस पर राज्यमंत्री ने कहा कि यह मामला उनके संज्ञान में अभी आया है और वे इसे गंभीरता से लेते हुए जल्द ही संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर उचित कार्रवाई सुनिश्चित करेंगी।


इसके अलावा नगर निगम सतना में महापौर और कमिश्नर के बीच चल रहे विवाद को लेकर भी सवाल किया गया। इस पर उन्होंने बताया कि इस विषय में उन्होंने मुख्यमंत्री से चर्चा की है और मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया है कि सभी समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाएगा। शहर में सीवर लाइन से हो रही समस्याओं को लेकर भी राज्यमंत्री ने चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इस संबंध में संबंधित विभाग को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।


अंत में राज्यमंत्री ने कहा कि सरकार महिलाओं के समग्र विकास और सशक्तिकरण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और आने वाले समय में इस दिशा में और भी ठोस कदम उठाए जाएंगे।