ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा के थाना बादलपुर क्षेत्र में पुलिस और हत्या के आरोपियों के बीच हुई मुठभेड़ में दो बदमाश घायल हो गए। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से अवैध हथियार और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी एक दिन पहले अपने पड़ोसी की हत्या की घटना में वांछित थे। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार को थाना बादलपुर पुलिस स्थानीय खुफिया सूचना के आधार पर अंबुजा सीमेंट फैक्ट्री से आगे अंडरपास के समीप एनटीपीसी कट के पास वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी।

इसी दौरान एक संदिग्ध मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों को रुकने का इशारा किया गया। पुलिस को देखकर दोनों युवक मोटरसाइकिल को तेज गति से भगाने लगे। पुलिस टीम ने पीछा किया तो कुछ दूरी पर उनकी मोटरसाइकिल फिसल गई। पुलिस के मुताबिक, खुद को घिरता देख दोनों बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा के तहत कार्रवाई की, जिसमें दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लग गई। घायल अवस्था में दोनों को गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विवेक नागर उर्फ विक्की (27 वर्ष) पुत्र राजेश्वर निवासी ग्राम अच्छेजा, थाना बादलपुर और विशाल (25 वर्ष) पुत्र राजेश निवासी रॉयल सिटी, भीमा चौक के पास, ग्राम अच्छेजा के रूप में हुई है।

तलाशी के दौरान पुलिस ने उनके कब्जे से एक अवैध देशी तमंचा .32 बोर, एक अवैध देशी तमंचा .315 बोर, जिंदा कारतूस, खोखा कारतूस तथा बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की है। पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी शातिर किस्म के अपराधी हैं और उन्होंने 19 जून 2026 को अपने पड़ोसी जीवन किशोर की गोली मारकर हत्या कर दी थी।

इस मामले में मृतक की पुत्री की तहरीर पर थाना बादलपुर में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के बाद से पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मुठभेड़ में गिरफ्तार दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। उनके खिलाफ अन्य जिलों या राज्यों में दर्ज मामलों की जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल दोनों आरोपियों का उपचार कराया जा रहा है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।