भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश नेतृत्व के निर्देशों के बाद मध्यप्रदेश में संगठनात्मक गतिविधियां तेज हो गई हैं। पार्टी के पांच प्रमुख मोर्चों के प्रदेश अध्यक्ष अपनी-अपनी कार्यकारिणी घोषित कर चुके हैं, जबकि अब सभी की निगाहें भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) की प्रदेश कार्यकारिणी पर टिकी हैं।
जानकारी के अनुसार श्याम टेलर इस कार्यकारिणी के गठन को लेकर तेजी से काम कर रहे हैं और अप्रैल के पहले सप्ताह तक इसकी घोषणा होने की संभावना है। कार्यकारिणी गठन में प्रदेश नेतृत्व और वरिष्ठ नेताओं के साथ समन्वय बनाकर संतुलित और प्रभावी टीम तैयार करने पर जोर दिया जा रहा है।
नई कार्यकारिणी में सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है। इसमें अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, ओबीसी, सामान्य वर्ग तथा महिला कार्यकर्ताओं को भी प्रतिनिधित्व देने की तैयारी है, जिससे संगठन को अधिक समावेशी बनाया जा सके।
साथ ही, उन कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता दी जाएगी जिन्होंने सदस्यता अभियान, चुनाव और संगठनात्मक कार्यक्रमों में सक्रिय भूमिका निभाई है। वरिष्ठ नेताओं द्वारा सुझाए गए नामों पर भी विचार किया जा रहा है, ताकि अनुभव और युवा ऊर्जा के समन्वय से एक मजबूत टीम तैयार की जा सके।

