लापता बच्ची का शव कुएं से बरामद, छानबीन में जुटी पुलिस

Advertisement
सतना ,अंबिका केशरी । जिले के सतना के नागौद थाना क्षेत्र अंतर्गत डुडही गांव में 13 वर्षीय बालिका का शव कुएं में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान रिया चौधरी, पिता मुकेश चौधरी के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार रिया बुधवार शाम करीब 6 बजे गांव के एक कुएं से पानी भरने के लिए घर से निकली थी, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटी। परिजनों ने आसपास के इलाकों में उसकी काफी तलाश की और रिश्तेदारों व परिचितों से संपर्क किया, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
गुरुवार सुबह परिजनों ने पोड़ी चौकी पहुंचकर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। इसी दौरान ग्रामीणों ने कुएं में एक शव उतराता हुआ देखा। पास जाकर पहचान करने पर वह रिया का शव निकला।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकलवाया। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।
फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। बच्ची की मौत हादसा है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। घटना से परिजन सदमे में हैं और गांव में मातम पसरा हुआ है।
