पटना, 4 जून । बिहार के मुजफ्फरपुर के एक अस्पताल में आग लगने की घटना से कई लोगों की मौत हो गई। इस हादसे पर बिहार सरकार में मंत्री राम कृपाल यादव की प्रतिक्रिया सामने आई है।आईएएनएस से बातचीत करते हुए राम कृपाल यादव ने कहा कि मुजफ्फरपुर हादसे में लोगों की जान जाना दुर्भाग्यपूर्ण है। मैं समझता हूं कि सरकार को इस पर सख्ती से कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पटना सहित पूरे बिहार में कुकुरमुत्ते की तरह बिना मानक के आधार पर अस्पताल खोलकर व्यवसाय किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार को अपने स्तर से इसकी जांच करानी चाहिए और कोई भी अस्पताल मानक के आधार पर खोला जाना चाहिए। अगर मानक के आधार पर नहीं है तो सब पर कार्रवाई होनी चाहिए। बंद कर देना चाहिए।
एमपी में यूसीसी को लेकर राम कृपाल यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री मोहन यादव की ओर से यूसीसी लागू करने की कही गई बात स्वागतयोग्य है। मेरा मानना है कि सभी सरकारें इस पर विचार करेंगी और अपने स्तर के कार्यवाही करेंगी। जनता से सुझाव लेकर उन्होंने ठीक किया है। जनता के लिए और जनता के हित में कानून है। अगर जनता की राय आ जाएगी तो इस कानून का समर्थन और बढ़ेगा।
पीएम मोदी के कार्यकाल को लेकर मंत्री राम कृपाल यादव ने कहा कि 10 जून को, दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेताओं में से एक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने पद पर 12 साल पूरे कर लेंगे। मैं उन्हें बधाई और शुभकामनाएं देता हूं। उनके नेतृत्व में, सुशासन और कल्याणकारी पहलों के माध्यम से बिना किसी भेदभाव के लाखों लोगों की सेवा किया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपने व्यक्तित्व के सहारे में प्रधानमंत्री ने दुनिया में नाम रोशन किया है। पीएम मोदी के नेतृत्व को देश की जनता और दुनिया ने सराहा है। वे जब तक चाहें, जनता के बीच में बने रहें और लोगों की सेवा करते रहें।














