छतरपुर,संजय अवस्थी। नारायणपुरा रोड स्थित एक मकान में शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लग गई। आग इतनी तेजी से भड़की कि घर के लोग खुद छोटे पानी के पाइप से आग बुझाने की कोशिश करते रहे। नगर पालिका का दमकल वाहन घटनास्थल पर पहुंचने में पूरे एक घंटे की देरी कर गया, जिससे काफी सामान जलकर राख हो गया। स्थानीय मोहल्लेवासियों में इस देरी को लेकर काफी नाराजगी व्याप्त है।
पीड़ित परिवार की सदस्य शायरा ने बताया, “अंदर के रूम में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। जब तक हम कुछ समझ पाते, तब तक आग तेजी से भड़क गई। हम लोगों ने आग बुझाने का बहुत प्रयास किया और सामान भी बाहर निकालने की कोशिश की। लेकिन नगर पालिका का दमकल वाहन एक घंटे बाद पहुंच सका। तब तक काफी नुकसान हो गया था।”
घर के लोग बताते हैं कि आग शुरू होते ही उन्होंने तुरंत दमकल को सूचना दी, लेकिन वाहन के पहुंचने में हुई देरी ने स्थिति को और बिगाड़ दिया। मोहल्लेवासियों ने इस घटना पर नाराजगी जताते हुए कहा कि दमकल विभाग की लापरवाही के कारण आम लोगों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है।
इस घटना में जान तो बच गई, लेकिन घरेलू सामान, फर्नीचर और अन्य जरूरी चीजें जलकर स्वाहा हो गईं। प्रशासन से पीड़ित परिवार ने उचित मुआवजे की मांग की है।

