मंदसौर,ललित शंकर धाकड़। मंदसौर जिले के सीतामऊ थाना क्षेत्र में हुए सनसनीखेज हत्या कांड का पुलिस ने महज़ 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। ग्राम साखतली निवासी बुजुर्ग किसान शंकरलाल पाटीदार की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक मुख्य आरोपी अब भी फरार है।


घटना 27 मार्च की सुबह सामने आई, जब शंकरलाल का शव बिलात्री के कच्चे रास्ते पर उनकी साइकिल के पास खून से लथपथ हालत में मिला। गले और सिर पर धारदार हथियार से वार के निशान मिलने से साफ हो गया कि यह सुनियोजित हत्या थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के बेटे जीवन पाटीदार की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।


जांच के दौरान पुलिस को धमकी भरे फोन कॉल का सुराग मिला, जो घटना से एक दिन पहले किया गया था। इसी आधार पर पुलिस ने संदेह के तहत बालेश्वर और नानालाल पाटीदार से पूछताछ की, जिसमें दोनों ने अपने जीजा अर्जुन पाटीदार के साथ मिलकर हत्या की साजिश रचने की बात कबूल कर ली।


पुलिस के मुताबिक, हत्या की मुख्य वजह पुरानी जमीनी रंजिश है। मृतक और आरोपियों के बीच करीब 7 आरी पुश्तैनी जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था, जो कोर्ट में विचाराधीन है। इसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया।


पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी और एक मोटरसाइकिल जब्त कर ली है। वहीं मुख्य आरोपी अर्जुन पाटीदार की तलाश जारी है। एडिशनल एसपी हेमलता कुरील ने बताया कि फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले की आगे की जांच जारी है।