सतना,अंबिका केशरी। जिले के रामपुर बाघेलान थाना क्षेत्र अंतर्गत बांधा गांव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक मां पर अपने ही आठ वर्षीय बेटे को जहरीला पदार्थ देकर हत्या करने का आरोप लगा है। इस मामले में पुलिस ने घटना के करीब 11 दिन बाद आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बांधा गांव निवासी कुन्दन शर्मा 9 मार्च को अपनी पत्नी ज्योति शर्मा का इलाज कराने रामपुर बाघेलान आया था। इलाज के बाद दंपत्ति ने घर में उपयोग के लिए सल्फास और चूहा मारने की दवा खरीदी और वापस गांव लौट गए। उसी दिन कुन्दन को अपनी नौकरी पर गुजरात लौटना था, लेकिन पत्नी ज्योति ने उसे कुछ दिन और रुकने के लिए कहा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया।
बताया जा रहा है कि शाम करीब 7:30 बजे विवाद के बाद गुस्से में आकर कुन्दन शर्मा ने सल्फास घोलकर पी लिया। इसके बाद पत्नी ज्योति शर्मा ने भी चूहा मारने की दवा घोलकर स्वयं पी ली। आरोप है कि उसने अपने बड़े बेटे आकाश शर्मा को भी जबरन जहरीला पदार्थ पिला दिया। तीनों की हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामपुर बाघेलान लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए संजय गांधी अस्पताल रीवा रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान 10 मार्च की सुबह करीब 8 बजे आकाश शर्मा की मौत हो गई, जबकि माता-पिता का उपचार जारी रहा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। जांच के दौरान सामने आया कि बच्चे को जबरन जहर पिलाया गया था। साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी मां ज्योति शर्मा (28) को गिरफ्तार कर लिया।
थाना प्रभारी संदीप चतुर्वेदी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 123 एवं 103(1) के तहत मामला दर्ज किया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में पुलिस टीम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

