कमलापुर पुलिस की 'सर्जिकल स्ट्राइक' से हिला माफिया; वन विभाग की कार्यप्रणाली पर खड़े हुए गंभीर सवाल

Advertisement
देवास,हेमंत गुर्जर । वन विभाग की ओर से जंगलों में संचालित अवैध शराब के ठिकानों पर अपेक्षित कार्रवाई न होना वन संपदा के लिए गंभीर चिंता का विषय बना हुआ है। ऐसे में देवास पुलिस ने स्वयं मोर्चा संभालते हुए अवैध शराब माफियाओं के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया।
मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर मध्य प्रदेश पुलिस की कमलापुर थाना टीम ने घने जंगलों में संचालित कच्ची शराब के अड्डों पर एक साथ कार्रवाई कर उन्हें नेस्तनाबूद कर दिया। वन परिक्षेत्र में रिकॉर्ड किए गए वीडियो में भारी वन क्षति भी स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही है।
कमलापुर थाना प्रभारी सर्जन मीणा के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम करीब तीन किलोमीटर पैदल जंगल के भीतर पहुंची और तीन अलग-अलग स्थानों पर एक साथ दबिश दी। कार्रवाई के दौरान पुलिस को हजारों लीटर कच्ची शराब, लहन तथा शराब बनाने में प्रयुक्त उपकरण बरामद हुए। पुलिस की भनक लगते ही आरोपी मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने मौके पर मौजूद अवैध शराब के लहन और भट्टियों को पूरी तरह नष्ट कर दिया है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। वहीं, वन विभाग की निष्क्रियता को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।


