भिंड,अक्षय जोशी। तीन साल पुराने बहुचर्चित मदनमोहन सोनी हत्याकांड का आखिरकार पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के समय सोनी अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहे थे, तभी घर के बाहर बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी थी।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने लूट के इरादे से वारदात को अंजाम दिया था। सोनी द्वारा विरोध करने पर बदमाशों ने उनकी हत्या कर दी और थैले में रखे जेवर लूटकर मौके से फरार हो गए थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने व्यापक स्तर पर जांच की। इस दौरान करीब 500 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई और 100 से ज्यादा संदिग्धों से पूछताछ की गई। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस को सफलता मिली और आरोपियों तक पहुंचने में कामयाबी हासिल हुई।
फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और इस मामले से जुड़े अन्य संभावित खुलासों में जुटी हुई है।

