छतरपुर/बकस्वाहा, राजू दुबे। छतरपुर जिले के बकस्वाहा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम पाली में शुक्रवार की शाम एक बड़ा और दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहाँ आकाशीय बिजली (गाज) गिरने की चपेट में आने से दो स्थानीय किसानों की मौके पर ही मौत हो गई। इस दुखद घटना के बाद से ही पूरे क्षेत्र और पाली गांव में शोक की गहरी लहर फैल गई है।
बीज बचाने के प्रयास में सीधे ऊपर गिरी आकाशीय बिजली
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम पाली निवासी हलकन यादव, जुग्गन यादव, रामू यादव और राजू लोधी अपने खेत में खरीफ फसल की बोनी के कार्य में जुटे हुए थे। इसी दौरान अचानक मौसम ने करवट ली और तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश के पानी से खेतों में रखा बीज खराब होने की आशंका को देखते हुए जुग्गन यादव (उम्र 45 वर्ष) और राजू लोधी (उम्र 40 वर्ष) मुस्तैदी से बीज को सुरक्षित रखने के लिए उस पर त्रिपाल लगाने लगे। इसी कोशिश के दौरान अचानक एक तेज आकाशीय बिजली सीधे उन दोनों के ऊपर आकर गिर गई। बिजली का झटका इतना जोरदार था कि दोनों किसानों की घटनास्थल पर ही तड़प-तड़प कर मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शी भाई ने बयां किया आंखों देखा खौफनाक मंजर
इस पूरी घटना के प्रत्यक्षदर्शी और मृतक जुग्गन यादव के भाई रामू यादव ने बताया कि शाम करीब 5:25 बजे अचानक आसमान में काले बादल छाए और तेज बौछारें पड़ने लगीं। जब जुग्गन और राजू बीज को भीगने से बचाने का प्रयास कर रहे थे, तभी अचानक एक तेज कौंध के साथ बिजली गिरी और कुछ ही क्षणों में सब कुछ खत्म हो गया। दोनों की आंख के सामने ही जान चली गई।
प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा; पीड़ित परिवारों के लिए आर्थिक मदद की मांग
हृदय विदारक हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी तुरंत अमले के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद शवों का पंचनामा तैयार किया और दोनों मृत किसानों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया। इस अप्रिय घटना से मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, ग्रामीणों ने दुख की इस घड़ी में ढारस बंधाते हुए शासन-प्रशासन से पीड़ित परिवारों को तत्काल उचित सरकारी नियमानुसार आर्थिक सहायता राशि प्रदान करने की पुरजोर मांग की है।

