इंदौर,रविकांत वर्मा। मध्यप्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में एक बार फिर अंडरवर्ल्ड का साया गहराता नजर आ रहा है। कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने शहर के एक बड़े बिल्डर को धमकी देकर 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी है। इस घटना से शहर के कारोबारी वर्ग में दहशत का माहौल बन गया है।


जानकारी के मुताबिक, गैंग के शूटर हैरी बॉक्सर ने इंदौर के प्रतिष्ठित बिल्डर विवेक दम्मानी को व्हाट्सएप कॉल के जरिए संपर्क किया और सीधे 5 करोड़ रुपये की मांग रख दी। आरोपी ने रकम नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी भी दी। बताया जा रहा है कि कॉल के दौरान आरोपी ने दम्मानी और उनके परिवार की निजी जानकारी भी साझा की, जिससे यह स्पष्ट हो गया कि गैंग उनकी गतिविधियों पर नजर रखे हुए है।


मंगलवार सुबह करीब 11 बजे आए इस धमकी भरे कॉल ने न केवल पीड़ित परिवार बल्कि पूरे शहर में सनसनी फैला दी। कॉल कटने के बाद आरोपी ने एक वॉयस मैसेज भेजकर धमकी को और अधिक गंभीर बना दिया। घटना के बाद दम्मानी परिवार में भय का माहौल है। मामले की गंभीरता को देखते हुए बिल्डर विवेक दम्मानी ने सीधे पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह से शिकायत की। शिकायत मिलते ही पुलिस हरकत में आई और क्राइम ब्रांच में तत्काल मामला दर्ज कर लिया गया। साथ ही सुरक्षा के मद्देनजर दम्मानी परिवार को दो सुरक्षा गार्ड उपलब्ध कराए गए हैं।


एडिशनल डीसीपी अमरेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की जांच के लिए विशेष टीम गठित की गई है। इंदौर क्राइम ब्रांच के एसआई राजेश रघुवंशी की टीम को जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं सुरक्षा को लेकर एसएएफ के दो सशस्त्र जवान भी तैनात किए गए हैं। पूरे घटनाक्रम की रिपोर्ट एसआईटी प्रमुख एडीजी डी. श्रीनिवास वर्मा को भेज दी गई है।


गौरतलब है कि पिछले दो महीनों में यह लॉरेंस बिश्नोई गैंग की ओर से इंदौर में पांचवीं धमकी का मामला सामने आया है। इससे पहले भी शहर के कई कारोबारी और संस्थान इस गैंग के निशाने पर आ चुके हैं।


पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। वहीं लगातार मिल रही धमकियों ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।