मंदसौर,ललित सिंह धाकड़। मंदसौर जिले के एक छोटे से गांव से निकलकर किसान परिवार के छात्र ने अपनी मेहनत और लगन से प्रदेश स्तर पर बड़ा मुकाम हासिल किया है। संदीपनी विद्यालय चंदवासा के कक्षा 10वीं के छात्र देवेंद्र सिंह ने मध्यप्रदेश बोर्ड की प्रवीण्य (मेरिट) सूची में 9वां स्थान प्राप्त कर जिले और गांव का नाम रोशन किया है।
देवेंद्र सिंह, पिता बद्री सिंह, निवासी ग्राम गोपालपुरा, ने परीक्षा में 98.2 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। उन्होंने 500 में से 491 अंक प्राप्त कर यह उपलब्धि हासिल की। खास बात यह है कि देवेंद्र एक साधारण किसान परिवार से आते हैं, जहां उनके माता-पिता खेती-किसानी का कार्य करते हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने यह साबित कर दिया कि अगर मेहनत सच्ची हो तो सफलता जरूर मिलती है।
देवेंद्र की इस सफलता से पूरे गांव में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों, शिक्षकों और परिजनों ने उन्हें बधाई दी है। विद्यालय प्रबंधन ने भी छात्र की उपलब्धि को गर्व का क्षण बताया और कहा कि देवेंद्र ने स्कूल का नाम पूरे प्रदेश में रोशन किया है।
देवेंद्र सिंह ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और शिक्षकों को दिया है। उन्होंने बताया कि नियमित पढ़ाई, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण ही उनकी सफलता का मुख्य कारण रहा। उन्होंने कहा कि उन्होंने हर विषय को समझकर पढ़ने की कोशिश की और समय का सही उपयोग किया।
आगे की योजना के बारे में बात करते हुए देवेंद्र ने बताया कि उनका सपना इंजीनियर बनना है। इसके लिए वे जेईई परीक्षा की तैयारी करेंगे और देश के प्रतिष्ठित संस्थान आईआईटी में प्रवेश लेना चाहते हैं। उनका कहना है कि वे भविष्य में देश की सेवा करना चाहते हैं और अपने परिवार तथा गांव का नाम और ऊंचा करना चाहते हैं।
देवेंद्र की यह सफलता उन सभी छात्रों के लिए प्रेरणा है, जो सीमित संसाधनों के बीच भी बड़े सपने देखते हैं। यह उपलब्धि यह संदेश देती है कि कड़ी मेहनत, आत्मविश्वास और सही मार्गदर्शन से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

