छतरपुर/बमीठा, अशोक नामदेव। छतरपुर जिले के बमीठा थाना अंतर्गत ग्राम बसारी में विद्युत विभाग की लापरवाही के चलते एक बड़ा हादसा सामने आया है। यहाँ मलखान यादव के खेत में चर रहीं तीन भैंसों के ऊपर अचानक 11केवी हाईटेंशन लाइन का चालू तार टूटकर गिर गया। करंट की तेज चपेट में आने से तीनों भैंसों की मौके पर ही तड़प-तड़पकर दर्दनाक मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित किसान राजेश यादव की भैंसें हमेशा की तरह खेत में चर रही थीं, तभी शाम करीब चार बजे यह हादसा हुआ। पीड़ित किसान राजेश यादव के मुताबिक, मृत भैंसों की कीमत डेढ़ लाख रुपये से अधिक थी, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। घटना के बाद पीड़ित किसान ने बमीठा थाने में आवेदन देकर मुआवजे और कार्रवाई की गुहार लगाई है। पुलिस ने आवेदन लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

