छतरपुर, जीतेंद्र तिवारी। मध्य प्रदेश के चंदला नगर परिषद की व्यवस्थाओं पर भीषण गर्मी के बीच सवाल खड़े हो गए हैं। ‘जल गंगा’ अभियान के तहत जहां बेहतर पेयजल व्यवस्था के दावे किए जा रहे हैं, वहीं बस स्टैंड पर हकीकत कुछ और ही नजर आई। जानकारी के मुताबिक, सोशल मीडिया पर आलोचना के बाद नगर परिषद ने जल्दबाजी में पानी का टैंकर तैनात किया। हालांकि मौके पर जो व्यवस्था दिखी, वह हैरान करने वाली थी—प्याऊ के नाम पर केवल एक मटका रखा था, जिसमें दो छेद थे।


स्थानीय लोगों का कहना है कि गर्मी में पानी की भारी किल्लत है, लेकिन जिम्मेदार सिर्फ औपचारिकता निभा रहे हैं। बैनर और फोटो तक ही अभियान सीमित नजर आ रहा है, जबकि जमीनी स्तर पर व्यवस्थाएं नाकाफी हैं। करोड़ों के बजट और योजनाओं के दावों के बीच चंदला बस स्टैंड की यह स्थिति प्रशासनिक लापरवाही की ओर इशारा कर रही है। जनता ने मांग की है कि जल्द से जल्द पेयजल व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए।