छतरपुर,जाहिद खान। पुलिस अधीक्षक आगम जैन ने बुधवार को गढ़ी मलहरा थाने का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने रिकॉर्ड संधारण, फरियादियों से व्यवहार सहित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की। पाई गई कमियों को जल्द सुधारने के निर्देश एसडीओपी व थाना प्रभारी रीता सिंह को दिए गए।
इसके बाद आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में एसपी ने आमजन से संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने। लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक और छात्राओं की सुरक्षा जैसे मुद्दे उठाए। पुलिस अधीक्षक ने सभी समस्याओं के शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया।
उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य पुलिस और जनता के बीच विश्वास मजबूत करना है। कार्यक्रम में नायब तहसीलदार इंदू सिंह, पटवारी राजेंद्र शिवहरे, एसडीओपी अमित मेश्राम सहित पुलिस स्टाफ मौजूद रहा। स्थानीय लोगों ने इस पहल का स्वागत किया।

