इंदौर,रविकांत वर्मा । मध्यप्रदेश के इंदौर शहर में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली ब्रांडेड नमक बनाने वाली अवैध फैक्ट्री का खुलासा किया है। एरोड्रम थाना क्षेत्र में संचालित इस फैक्ट्री पर छापा मारकर पुलिस ने भारी मात्रा में नकली नमक, कच्चा माल और पैकिंग में उपयोग होने वाली मशीनरी जब्त की है। इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग नामी ब्रांड टाटा नमक के नाम का दुरुपयोग कर नकली नमक तैयार कर रहे हैं और उसे बाजार में असली बताकर बेच रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध मकान पर दबिश दी। मौके पर पहुंची टीम ने जब तलाशी ली तो अंदर अवैध रूप से फैक्ट्री संचालित होती पाई गई।
छापेमारी के दौरान पुलिस को करीब 840 पैकेट तैयार नकली नमक बरामद हुआ। इसके अलावा लगभग 1850 किलोग्राम कच्चा माल भी मौके से मिला, जिसका उपयोग नकली नमक तैयार करने में किया जा रहा था। पुलिस ने पैकिंग मशीन, सीलिंग उपकरण और ब्रांडेड पैकेजिंग सामग्री भी जब्त की है, जिनका उपयोग असली जैसा दिखाने के लिए किया जा रहा था।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आरोपी लंबे समय से इस अवैध कारोबार में लिप्त थे और सस्ते कच्चे माल से नमक तैयार कर उसे ब्रांडेड पैकिंग में भरकर बाजार में सप्लाई कर रहे थे। इससे न सिर्फ उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ हो रहा था, बल्कि ब्रांड की साख को भी नुकसान पहुंचाया जा रहा था।
मामले में पुलिस ने कॉपीराइट एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। साथ ही इस पूरे नेटवर्क की जांच शुरू कर दी गई है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस नकली नमक की सप्लाई किन-किन क्षेत्रों में की जा रही थी और इसमें और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
पुलिस का कहना है कि आगे भी इस तरह की अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। वहीं आम लोगों से भी अपील की गई है कि वे किसी भी उत्पाद को खरीदते समय उसकी गुणवत्ता और पैकेजिंग की अच्छी तरह जांच करें, ताकि इस तरह की ठगी से बचा जा सके।


