छतरपुर जिले में ईओडब्ल्यू ने रिश्वत लेते सीएमओ और उपयंत्री को रंगे हाथों पकड़ा...!

सीएमओ और उपयंत्री के पकड़े जाने के बाद कार्यवाही करती ईओडब्ल्यू की टीम
Advertisement
छतरपुर/बकस्वाहा। नगर परिषद बकस्वाहा की मुख्य नगर पालिका अधिकारी नेहा शर्मा एवं उपयंत्री शोभित मिश्रा को आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ सागर की टीम ने रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। दोनों पर आवासीय पट्टा एवं प्रधानमंत्री आवास की स्वीकृति दिलाने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बकस्वाहा निवासी आवेदक हरिराम पिता बघोरा अहिरवार ने ईओडब्ल्यू इकाई सागर में शिकायत दर्ज कराई थी कि नगर परिषद बकस्वाहा की सीएमओ नेहा शर्मा द्वारा आवासीय पट्टा एवं प्रधानमंत्री आवास की स्वीकृति के लिए 40 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही है। सत्यापन के दौरान 30 हजार रुपये की रिश्वत मांगने की पुष्टि होने पर ईओडब्ल्यू द्वारा मामला दर्ज कर ट्रैप कार्रवाई की गई।
आज आवेदक की सूचना पर ईओडब्ल्यू सागर की टीम ने जाल बिछाया। कार्रवाई के दौरान आरोपी सीएमओ ने स्वयं रिश्वत की राशि नहीं ली, बल्कि यह राशि उपयंत्री शोभित मिश्रा को दिलवाई गई। जैसे ही उपयंत्री ने रिश्वत की रकम ली, ईओडब्ल्यू टीम ने उन्हें रंगे हाथ पकड़ लिया। पंचों के समक्ष हाथ धुलवाने पर उपयंत्री के हाथ गुलाबी रंग के हो गए। बताया गया है कि आवेदक का आवासीय पट्टा एवं प्रधानमंत्री आवास से संबंधित आवेदन नगर परिषद में लंबित था। ईओडब्ल्यू द्वारा दोनों आरोपियों के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आपराधिक प्रकरण दर्ज कर लिया गया है।
इस ट्रैप कार्रवाई में ईओडब्ल्यू सागर की टीम से उप पुलिस अधीक्षक श्रीमती उमा नवल आर्य, निरीक्षक प्रशांत मिश्रा, आदेश जैन, उप निरीक्षक श्रीमती सोनल पाण्डेय, प्रधान आरक्षक आसिफ खान, रामसजीवन यादव, राकेश बेन, चालक प्रधान आरक्षक अफसर अली, आरक्षक गोविंद अवस्थी, अंकित मिश्रा, आकाश दीक्षित तथा महिला आरक्षक श्रीमती स्वाति दुबे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
