टीकमगढ़,मोहसिन अहमद। मध्यप्रदेश शासन के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रभारी मंत्री कृष्णा गौर एवं पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना के मार्गदर्शन में टीकमगढ़ पुलिस द्वारा जनकल्याणकारी पहलें निरंतर संचालित की जा रही हैं। इसी क्रम में स्वर्गीय प्रधान आरक्षक मोहन चढ़ार के असामयिक निधन के बाद उनके परिवार को आर्थिक संबल प्रदान किया गया।


पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई के संवेदनशील प्रयासों से 17 अप्रैल 2026 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय, टीकमगढ़ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान परोपकार निधि से ₹5 लाख का चेक परिजनों को सौंपा गया। इस अवसर पर विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं।


उल्लेखनीय है कि टीकमगढ़ पुलिस द्वारा पिछले वर्ष से अब तक पुलिस सैलरी पैकेज एवं परोपकार निधि के माध्यम से कुल ₹1.45 करोड़ की सहायता राशि पुलिसकर्मियों के परिवारों को प्रदान की जा चुकी है। यह पहल विभाग की मानवीय संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी का स्पष्ट उदाहरण है।