भोपाल,जीतेन्द्र यादव। शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) की अनिवार्यता के विरोध में शनिवार को राजधानी भोपाल में प्रदेशभर से आए हजारों शिक्षकों ने जोरदार प्रदर्शन किया। भेल दशहरा मैदान में आयोजित इस प्रदर्शन में करीब 50 हजार से अधिक शिक्षकों ने भागीदारी दर्ज कराई। प्रदर्शन के दौरान शिक्षक ‘मुख्यमंत्री अनुरोध यात्रा’ के तहत एकत्रित हुए और अपनी मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद की।


प्रदर्शनकारी शिक्षकों का कहना है कि TET की अनिवार्यता से लंबे समय से कार्यरत शिक्षकों के सामने नौकरी का संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने मांग की कि सरकार इस निर्णय पर पुनर्विचार करे और शिक्षकों के हित में उचित कदम उठाए। वहीं, इस मामले में राज्य सरकार द्वारा रिव्यू पिटीशन भी दाखिल की गई है, जिससे इस मुद्दे को लेकर स्थिति और भी महत्वपूर्ण हो गई है।


प्रदर्शन के दौरान शिक्षकों ने नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को जल्द पूरा करने की अपील की। बड़ी संख्या में शिक्षकों की मौजूदगी को देखते हुए प्रशासन ने भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे।