बेगूसराय। बिहार के बेगूसराय जिले से एक बेहद दर्दनाक और ह्रदय विदारक सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जिसने पूरे बिहार पुलिस महकमे को झकझोर कर रख दिया है। साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के अंतर्गत बखड्डा स्थित एनएच-31 पर देर रात एक तेज रफ्तार कार और ट्रक के बीच हुई भीषण टक्कर में मधेपुरा जिले में पदस्थापित तीन जांबाज थाना प्रभारियों (SHO) समेत चार लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस भयावह दुर्घटना के बाद पुलिस विभाग और प्रशासनिक हलकों में गहरे शोक की लहर दौड़ गई है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वाले अधिकारियों की पहचान मधेपुरा जिले के रतवारा थाना प्रभारी साजन कुमार पासवान (निवासी- मोहनियां, भभुआ), बेलारी थाना प्रभारी नीरज कुमार (निवासी- बिहुरी, गया), अरार थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र अमरेंद्र (निवासी- मनिहारी, कटीहार) और उनके निजी कार चालक ज्योतिष कुमार (निवासी- अमरपट्टी, मधेपुरा) के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि ये सभी पुलिस अधिकारी राजधानी पटना में आयोजित एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण (ट्रेनिंग) कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। गुरुवार की देर रात सभी अधिकारी अपनी निजी कार से वापस मधेपुरा लौट रहे थे, तभी साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के बखड्डा ढाला के समीप उनकी तेज रफ्तार कार आगे चल रहे एक ट्रक से पीछे से बेहद जोरदार तरीके से टकरा गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और गाड़ी के परखच्चे उड़ गए।


इस खौफनाक हादसे में अरार थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र अमरेंद्र, बेलारी थाना प्रभारी नीरज कुमार और चालक ज्योतिष कुमार की गाड़ी के भीतर ही तड़प-तड़पकर मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से जख्मी रतवारा थाना प्रभारी साजन पासवान को स्थानीय राहगीरों और सूचना पर पहुंची पुलिस की मदद से आनन-फानन में मलबे से निकालकर बेगूसराय सदर अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया। मधेपुरा पुलिस के तीन सक्रिय और जांबाज कप्तानों की एक साथ मौत की खबर मिलते ही पुलिस मुख्यालय में खलबली मच गई।


घटना की भयावहता की सूचना मिलते ही बेगूसराय के एसपी मनीष कुमार, सदर डीएसपी आनंद पांडेय समेत भारी संख्या में पुलिस बल रात में ही मौके पर पहुंचा और स्थिति का जायजा लिया। इसके साथ ही बेगूसराय रेंज के डीआईजी शैलेश कुमार और मधेपुरा के एसपी संदीप सिंह भी तत्काल सदर अस्पताल पहुंचे और पूरी घटना की जानकारी ली। पुलिस ने चारों शवों को अपने कब्जे में लेकर कागजी कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम कराया, जिसके बाद जांबाज अधिकारियों के पार्थिव शरीर को लेकर एसपी वापस लौटे।


मधेपुरा एसपी संदीप सिंह ने इस घटना को अत्यंत असहनीय पीड़ा बताते हुए कहा कि हमने अपने तीन बेहद कर्तव्यनिष्ठ और जांबाज अधिकारियों को खो दिया है, जिसे शब्दों में बयां करना नामुमकिन है। हादसे के बाद मृतक पुलिस अधिकारियों और चालक के रोते-बिलखते परिजनों को सूचना दे दी गई है, जिसके बाद से परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। बेगूसराय एसपी मनीष कुमार ने बताया कि दुर्घटना के सटीक कारणों और घटनाक्रम का पता लगाने के लिए पुलिस तकनीकी और वैज्ञानिक समेत सभी पहलुओं की बारिकी से जांच कर रही है।