छतरपुर, शिवम सोनी। छतरपुर शहर में यातायात व्यवस्था सुधारने और सड़क हादसों को कम करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अगम जैन द्वारा शुरू की गई हेलमेट बैंक पहल सराहनीय साबित हो रही है। छत्रसाल चौक और बस स्टैंड पर संचालित दो हेलमेट बैंक के माध्यम से बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले दोपहिया चालकों को निशुल्क हेलमेट उपलब्ध कराया जा रहा है। यह हेलमेट बैंक सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक संचालित होते हैं, जिससे रोजाना करीब 20 से 30 लोग इसका लाभ उठा रहे हैं। साथ ही पुलिस द्वारा लगातार जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है, जिससे लोगों में यातायात नियमों के प्रति समझ बढ़ रही है।
एसपी अगम जैन के अनुसार, पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष केवल तीन माह के भीतर सड़क हादसों में लगभग 30 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि यह कमी हेलमेट बैंक और जागरूकता अभियान का सकारात्मक परिणाम है। पुलिस का उद्देश्य केवल चालान करना नहीं, बल्कि लोगों की जान बचाना है। इसी सोच के साथ यह पहल आगे भी जारी रहेगी, ताकि शहर में सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात व्यवस्था को और मजबूती मिल सके।

