मैहर/अमरपाटन, नरेन्द्र पटेल। लगातार हो रही बारिश के चलते नदी-नाले उफान पर हैं। ताला थाना क्षेत्र के मर्जुआ नाला में तेज बहाव के बीच ट्रक निकालने की कोशिश चालक और क्लीनर की जान पर भारी पड़ गई। पानी का बहाव तेज होने के कारण ट्रक गहरे पानी में फंस गया, जिससे दोनों की जान संकट में पड़ गई।


सूचना मिलते ही ताला और मुकुंदपुर पुलिस मौके पर पहुंची और करीब एक से दो घंटे की मशक्कत के बाद चालक व क्लीनर को सुरक्षित बाहर निकाला। रेस्क्यू के दौरान चौकी प्रभारी नागेश्वर मिश्रा सहित पुलिसकर्मी करीब 400 मीटर तक तैरकर ट्रक तक पहुंचे। इसके बाद ट्रक में रखी रस्सी के सहारे दोनों को बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।


पुलिस के मुताबिक लगातार बारिश से मर्जुआ नदी-नाले का जलस्तर काफी बढ़ गया है। सुरक्षा के मद्देनजर इस मार्ग पर पहले ही आवाजाही रोक दी गई थी, लेकिन चालक ने तेज बहाव के बीच वाहन निकालने का प्रयास किया।


पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान नदी-नालों में पानी बढ़ने पर किसी भी हालत में वाहन लेकर जोखिम न उठाएं, क्योंकि थोड़ी सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है।