छिंदवाड़ा,जीशान अंसारी। छिंदवाड़ा में हज-2026 के मुकद्दस सफर पर रवाना होने वाले आज़मीन-ए-हज की तैयारियों को लेकर रविवार को छिंदवाड़ा में एक विशेष ‘हज तरबियत कैंप’ का आयोजन किया गया। शहर के गुलमोहर लॉन में आयोजित इस प्रशिक्षण शिविर में हज यात्रियों को सफर-ए-हज से जुड़ी धार्मिक, व्यावहारिक और जरूरी व्यवस्थाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। जिला हज कमेटी अध्यक्ष सूफ़ी पीर मोहम्मद (दस्सू बाबा) ने बताया कि हज यात्रा पर जाने वाले यात्रियों के लिए पहले से सही प्रशिक्षण और मार्गदर्शन बेहद जरूरी होता है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए इस कैंप का आयोजन किया गया, ताकि हज यात्रियों को सफर के दौरान आने वाली प्रक्रियाओं, अरकानों और जरूरी सावधानियों की स्पष्ट जानकारी मिल सके। कैंप में प्रोजेक्टर और डेमो के माध्यम से यात्रियों को एहराम बांधने का तरीका, तवाफ, सई और हज के अन्य अहम अरकानों के बारे में विस्तार से समझाया गया। साथ ही यह भी बताया गया कि हज यात्रा के दौरान धैर्य, अनुशासन और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखना क्यों जरूरी है। पहली बार हज यात्रा पर जाने वाले लोगों के लिए यह प्रशिक्षण शिविर खास तौर पर उपयोगी साबित हुआ। इस दौरान सभी आज़मीन-ए-हज को उनके आधिकारिक वैक्सीन कार्ड भी वितरित किए गए। कार्यक्रम में यात्रियों को यह भी समझाइश दी गई कि वे अपने पासपोर्ट, वीज़ा, वैक्सीन कार्ड और अन्य जरूरी दस्तावेज़ों को सुरक्षित रखें तथा यात्रा से जुड़े स्वास्थ्य नियमों का पूरी गंभीरता से पालन करें। आयोजकों ने कहा कि हज यात्रा सिर्फ इबादत ही नहीं, बल्कि अनुशासन, धैर्य और जिम्मेदारी का भी सफर है, इसलिए यात्रियों का पहले से तैयार होना बेहद आवश्यक है। कार्यक्रम में जिला हज कमेटी अध्यक्ष सूफ़ी पीर मोहम्मद (दस्सू बाबा) के साथ रिज़वान कुरैशी, साबिर पटवारी बाबू, मोहसिन खान, हकीम एम. अल्ताफ, अहमर नवाज, शेरू भाई, मुस्तफा मंसूरी, जब्बार भाई, हाजी जावेद खान, हाजी फरहान कुरैशी, शमशेर अली, नौशाद अहमद, शेख हाफिज, मोहम्मद साहिब और साहिल भाई सहित क्षेत्र की कई प्रमुख शख्सियतें मौजूद रहीं। कैंप में शामिल यात्रियों और परिजनों ने इस आयोजन को उपयोगी बताते हुए कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण शिविर से हज यात्रा को लेकर उनकी समझ और तैयारी दोनों मजबूत होती हैं। कुल मिलाकर यह आयोजन हज-2026 की तैयारियों की दिशा में एक महत्वपूर्ण और सार्थक पहल माना जा रहा है।