सतना,नरेंद्र। सतना जिले के अमरपाटन थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नरवार से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है, जहां खेत में लगी आग बुझाने गए एक किसान की बिजली के करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार ग्राम नरवार निवासी किसान हरीदीन कुशवाहा के गेहूं के खेत में अचानक बिजली के शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई। आग तेजी से फैलने लगी, जिससे खड़ी फसल जलने लगी। अपनी मेहनत की फसल को बचाने के लिए किसान हरीदीन कुशवाहा तुरंत खेत की ओर दौड़े और आग बुझाने के प्रयास में जुट गए।
इसी दौरान किसान ने बोरिंग का मोटर पंप चालू करने की कोशिश की, ताकि पानी के जरिए आग पर काबू पाया जा सके। लेकिन जैसे ही वह मोटर पंप के पास पहुंचे, वहां गिरा हुआ स्टाटर और खुले में पड़ी बिजली की तार उनकी नजर से चूक गई। अचानक उनका पैर बिजली की तार पर पड़ गया, जिससे वे तेज करंट की चपेट में आ गए।
करंट लगते ही किसान जमीन पर गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल उन्हें अमरपाटन के सिविल अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के दौरान किसान को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। देहात थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
डॉ. हिमांशु पांडेय, शासकीय चिकित्सक, सिविल अस्पताल अमरपाटन ने बताया कि किसान को अस्पताल लाया गया था, लेकिन जांच के दौरान उनकी मृत्यु पहले ही हो चुकी थी। पुलिस को सूचना दे दी गई है और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया की जा रही है।
इस हृदयविदारक घटना ने एक बार फिर खेतों में बिजली सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जरूरत है कि किसान सावधानी बरतें और प्रशासन भी बिजली व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के लिए ठोस कदम उठाए।

