गुनौर, जीतेन्द्र रजक। क्षेत्र की होनहार बेटी प्रतिभा ने अपनी मेहनत और लगन से ऐसा इतिहास रच दिया है, जिस पर पूरा गुनौर ही नहीं बल्कि पूरा प्रदेश गर्व कर रहा है। प्रतिभा ने बोर्ड परीक्षा में 500 में से 499 अंक हासिल कर प्रदेश में टॉप स्थान प्राप्त किया है। इस अभूतपूर्व सफलता से पूरे क्षेत्र में खुशी और उत्साह का माहौल है।


प्रतिभा की इस उपलब्धि पर परिजन, शिक्षक और स्थानीय लोग बेहद गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। जैसे ही परिणाम घोषित हुआ, घर पर बधाई देने वालों का तांता लग गया। हर कोई इस बेटी की सफलता को प्रेरणा का स्रोत बता रहा है।


इसी कड़ी में गुनौर थाना प्रभारी त्रिवेंद्र त्रिवेदी ने भी प्रतिभा और उनके पिता का सम्मान किया। उन्होंने प्रतिभा को फूल-माला पहनाकर शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। थाना प्रभारी ने कहा कि प्रतिभा ने न सिर्फ अपने परिवार बल्कि पूरे गुनौर एवं जिले का नाम रोशन किया है, और उनकी यह सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बनेगी।


प्रतिभा ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और गुरुओं को दिया है। उन्होंने बताया कि नियमित अध्ययन, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण ही उनकी सफलता का मुख्य कारण रहा।


गुनौर की इस बेटी की उपलब्धि ने यह साबित कर दिया है कि छोटे शहरों से भी बड़े सपने पूरे किए जा सकते हैं। आज प्रतिभा पूरे क्षेत्र के लिए एक मिसाल बन चुकी हैं।