छतरपुर, संजय अवस्थी। भारतीय जनता युवा मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर अपने संगठनात्मक प्रवास के दौरान छतरपुर पहुंचे। इस दौरान शहर में उनका जोरदार स्वागत किया गया। प्रदेशाध्यक्ष के प्रथम आगमन को लेकर युवा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा गया और पूरे शहर को होर्डिंग्स, फ्लैक्स तथा पोस्टरों से पाट दिया गया।
जिलाध्यक्ष की दौड़: कार्यकर्ताओं का शक्ति प्रदर्शन
जिले में जल्द ही भाजयुमो जिलाध्यक्ष की घोषणा होनी है, जिसे देखते हुए संभावित दावेदारों और कार्यकर्ताओं ने स्वागत के बहाने जमकर शक्ति प्रदर्शन किया। जगह-जगह मंच बनाकर पुष्पवर्षा की गई और आतिशबाजी के साथ प्रदेशाध्यक्ष का अभिनंदन किया गया। इस भव्य स्वागत के जरिए कार्यकर्ताओं ने अपनी सक्रियता और संगठन में अपनी पकड़ दिखाने की कोशिश की।
मीडिया से चर्चा करते हुए प्रदेशाध्यक्ष श्याम टेलर ने कहा कि पदभार ग्रहण करने के बाद यह उनका पहला संगठनात्मक प्रवास है। उन्होंने कहा भारतीय जनता पार्टी सेवा ही संगठन के भाव के साथ काम करती है। हमारे लिए राजनीति से पहले सेवा सर्वोपरि है। युवा मोर्चा की यही ऊर्जा और शक्ति चुनावों में भाजपा की जीत का आधार बनती है। जिलाध्यक्ष की नियुक्ति के सवाल पर श्याम टेलर ने स्पष्ट किया कि संगठन की प्रक्रिया जारी है और जल्द ही नए जिलाध्यक्ष के नाम की घोषणा की जाएगी। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि भाजयुमो सदैव संगठन की रीति-नीति पर चलने वाले, सक्रिय और समर्पित कार्यकर्ताओं को ही प्राथमिकता देता है। सही और योग्य कार्यकर्ताओं का चयन कर उन्हें जिम्मेदारी सौंपी जाएगी ताकि पार्टी को और मजबूती मिल सके। इस दौरान बड़ी संख्या में युवा मोर्चा के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

