छतरपुर,संजय अवस्थी। डॉ भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर जिला मुख्यालय स्थित ऑडिटोरियम में भव्य जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं नागरिक शामिल हुए। इस दौरान अंबेडकर जी के जीवन, संघर्ष और उनके योगदान को दर्शाती एक विशेष प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसे उपस्थित लोगों ने उत्साहपूर्वक देखा।


कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक ललिता यादव मौजूद रहीं। साथ ही जिला पंचायत अध्यक्ष विद्या अग्निहोत्री, नगर पालिका अध्यक्ष ज्योति चौरसिया, कलेक्टर पार्थ जैयसवाल एवं जिला पंचायत सीईओ नमः शिवाय अर्जरिया सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने बाबा साहेब के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।


वक्ताओं ने अपने संबोधन में डॉ अंबेडकर के सामाजिक न्याय, समानता और शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उनके आदर्शों को अपनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम के अंत में प्रदर्शनी के माध्यम से विद्यार्थियों और आमजन को उनके जीवन से प्रेरणा लेने की अपील की गई।