रायगढ़, छत्तीसगढ़, रोहित तिर्की । खरसिया में हेल्पिंग हैंड्स क्लब फाउंडेशन और खरसिया पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में यातायात एवं साइबर जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बिलासपुर रेंज के आईजी रामगोपाल गर्ग और रायगढ़ एसएसपी शशिमोहन सिंह मौजूद रहे।


अग्रसेन चौक में आयोजित इस कार्यक्रम में नगरवासियों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। अधिकारियों ने लोगों को साइबर अपराध से बचाव के उपाय, हेलमेट के अनिवार्य उपयोग और सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी दी। आईजी रामगोपाल गर्ग ने उपस्थित नागरिकों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई। इस दौरान हेलमेट वितरण के साथ बाइक रैली भी निकाली गई, जिसमें आईजी ने स्वयं हिस्सा लिया।


कार्यक्रम के बाद अधिकारियों ने गंज बाजार स्थित श्री हनुमान मंदिर में 134 वर्षों से निरंतर चल रहे अखंड राम सप्ताह में शिरकत की। बच्चों द्वारा प्रस्तुत भजन और शिव तांडव की प्रस्तुति की उन्होंने सराहना की।


यह अभियान यातायात अनुशासन और साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।