मैहर, पुष्पेंद्र कुशवाहा। मैहर जिले के भरौली ग्राम में आयोजित नारी शक्ति वंदन जिला स्तरीय कार्यक्रम उत्साह, ऊर्जा और महिला सशक्तिकरण के संदेश के साथ भव्य रूप से संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मैहर विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी शामिल हुए। इस दौरान आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में महिलाओं की भागीदारी रही, जिससे पूरा माहौल उत्सवमय और प्रेरणादायक बन गया। कार्यक्रम स्थल पर सुबह से ही महिलाओं का पहुंचना शुरू हो गया था। पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाओं ने स्वागत गीत, नारे और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से नारी शक्ति का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में उपस्थित मातृशक्ति ने यह संदेश दिया कि महिलाएं अब हर क्षेत्र में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रही हैं।


कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं का सम्मान किया गया। विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी ने कहा कि महिलाएं परिवार की धुरी होने के साथ-साथ समाज निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। सम्मान के दौरान महिलाओं के चेहरे पर आत्मविश्वास और गर्व स्पष्ट दिखाई दिया। इस अवसर पर महिला सशक्तिकरण को लेकर एक विशाल पथ संचलन भी निकाला गया, जिसे विधायक ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में शामिल महिलाएं शिक्षा, आत्मनिर्भरता और समान अधिकारों से जुड़े संदेशों की तख्तियां लेकर चल रही थीं, जिससे क्षेत्र में जागरूकता का माहौल बना। अपने संबोधन में विधायक ने नरेंद्र मोदी के नेतृत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्तमान समय में महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में केंद्र और राज्य सरकार द्वारा कई महत्वपूर्ण योजनाएं संचालित की जा रही हैं।


स्व-सहायता समूह, उज्ज्वला योजना और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ जैसी योजनाएं महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में अहम भूमिका निभा रही हैं।उन्होंने कहा कि आज महिलाएं शिक्षा, राजनीति, प्रशासन, व्यापार और सामाजिक क्षेत्रों में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं और उनकी बढ़ती भागीदारी से समाज में सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिल रहा है। उन्होंने महिलाओं से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और समाज के विकास में सक्रिय योगदान देने की अपील की। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, महिला समूहों की सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी के सहयोग से कार्यक्रम सफल रहा। भरौली में आयोजित यह आयोजन महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल साबित हुआ।