जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर में महफिल रेस्टोरेंट में काम करने वाली युवती मुस्कान चौधरी की उसके साथी कर्मचारी पवन ने चाकू मारकर हत्या कर दी। वारदात का सीसीटीवी वीडियो सामने आया है, जिसमें आरोपी महज दो सेकेंड में मुस्कान के पेट में चाकू से चार वार करता दिखाई दे रहा है। हमला करने के बाद आरोपी खून से सना चाकू हाथ में लेकर मौके पर ही खड़ा रहा, जबकि मुस्कान मदद के लिए चीखती रही।
घटना 14 अगस्त की रात करीब 8 बजे की बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक, मुस्कान और पवन दोनों रेस्टोरेंट की किचन में काम कर रहे थे। खाना बनाने को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद मुस्कान ने मैनेजर से पवन की शिकायत की थी। आरोप है कि शिकायत से नाराज पवन ने दोबारा विवाद होने पर किचन में रखा चाकू उठाकर मुस्कान पर हमला कर दिया।
मुस्कान की चीख सुनकर रेस्टोरेंट के अन्य कर्मचारी किचन में पहुंचे। उस समय मुस्कान घायल हालत में जमीन पर पड़ी थी और पवन के हाथ में चाकू था। कर्मचारियों को देखकर आरोपी ने चाकू वहीं फेंक दिया और मौके से फरार हो गया। कर्मचारियों ने मुस्कान को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि पवन गुस्सैल स्वभाव का था और काम के दौरान अक्सर कर्मचारियों से उसका विवाद होता रहता था। रेस्टोरेंट के मैनेजर और मालिक उसे पहले भी कई बार डांट चुके थे। पुलिस के अनुसार, करीब एक साल पहले भी एक युवती से विवाद के बाद पवन ने जहर खाकर आत्महत्या की कोशिश की थी।
एएसपी सूर्यकांत शर्मा के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में मुस्कान द्वारा पवन की मैनेजर से की गई शिकायत को हत्या की मुख्य वजह माना जा रहा है। पुलिस ने आरोपी पवन को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ के बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।














