Wednesday, February 25, 2026

LOGO

BREAKING NEWS
मध्य प्रदेशछिंदवाड़ागांगीवाड़ा सराफा लूट कांड का खुलासा, 5 आरोपी गिरफ्तार, 3 फरार

गांगीवाड़ा सराफा लूट कांड का खुलासा, 5 आरोपी गिरफ्तार, 3 फरार

Post Media
News Logo
PeptechTime
4 फ़रवरी 2026, 05:53 am IST
Share on FacebookShare on WhatsAppShare on Twitter/XOpen Instagram
Copy Link

Advertisement

छिंदवाड़ा, जीशान अंसारी। छिंदवाड़ा जिले के गांगीवाड़ा क्षेत्र में 26 जनवरी को सराफा व्यापारी से हुई लूट की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। देहात थाना पुलिस ने इस मामले में एक नाबालिग सहित कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं।


पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 9 लाख रुपये मूल्य का सोना-चांदी का सामान, लगभग दो किलो चांदी और वारदात में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिल जब्त की हैं। पुलिस के अनुसार गांगीवाड़ा निवासी सराफा व्यापारी ओमचंद सोनी हर सोमवार को साप्ताहिक बाजार में सोना-चांदी की दुकान लगाते हैं।


26 जनवरी को बाजार बंद कर घर लौटते समय बाइक सवार चार बदमाशों ने उनकी बाइक को टक्कर मारकर गिरा दिया। इसके बाद बदमाश व्यापारी के पास रखे बैग से सोना-चांदी लूटकर मौके से फरार हो गए थे। मामले में एएसपी आशीष खरे ने बताया कि देहात थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि दो युवक लूट के सोना-चांदी के बंटवारे को लेकर आपस में विवाद कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने लूट की वारदात को स्वीकार कर लिया। पूछताछ के दौरान अन्य साथियों के नाम भी सामने आए।


पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों का परासिया नाका क्षेत्र से जुलूस भी निकाला और सार्वजनिक रूप से उठक-बैठक लगवाई। फिलहाल पुलिस फरार तीन आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।


Today In JP Cinema, Chhatarpur (M.P.)