पलेरा,सोनू विश्वकर्मा। मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल की 10वीं बोर्ड परीक्षा में पलेरा के शासकीय मॉडल स्कूल के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है। स्कूल के चार छात्रों ने प्रदेश की टॉप-10 प्रावीण्य सूची में स्थान बनाकर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, कशिश नाज और तरुण गुप्ता ने 98.8 प्रतिशत अंक हासिल कर प्रदेश में छठवां स्थान प्राप्त किया। वहीं आसिफा बानो ने 98.4 प्रतिशत अंकों के साथ आठवां स्थान और चमन रजा ने 98 प्रतिशत अंकों के साथ दसवां स्थान हासिल किया। इसके अलावा छात्रा निवेदिता खटीक ने 90 प्रतिशत अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।


एक साथ चार छात्रों का प्रदेश की मेरिट सूची में स्थान बनाना पलेरा क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बन गया है। इस उपलब्धि से विद्यालय सहित पूरे नगर में खुशी और उत्साह का माहौल है।


छात्रों ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता एवं गुरुजनों को दिया है। कशिश नाज ने प्रोफेसर बनने का लक्ष्य बताया, जबकि तरुण गुप्ता और चमन रजा इंजीनियर बनना चाहते हैं। आसिफा बानो ने भविष्य में NEET और JEE की तैयारी कर आगे बढ़ने की इच्छा जताई है।


इस उपलब्धि पर टीकमगढ़ कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय ने मेधावी विद्यार्थियों को आमंत्रित कर मिठाई खिलाई और फूल-मालाओं से सम्मानित किया। उन्होंने छात्रों को निरंतर परिश्रम करते हुए आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।


वहीं पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष सुनील खटीक एवं उपाध्यक्ष रानी तिवारी ने भी विद्यार्थियों के घर पहुंचकर उनका सम्मान किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। विद्यालय के प्राचार्य कौशल राजपूत को भी इस सामूहिक सफलता के लिए बधाई दी गई।