छतरपुर। भारत के सर्वोच्च न्यायालय के पूर्व मुख्य न्यायाधीश बी. आर. गवई सोमवार शाम अपने परिवार सहित बागेश्वर धाम पहुंचे। उनके साथ धर्मपत्नी तेजस्वनी गवई एवं पुत्र ज्योतिरादित्य गवई भी मौजूद रहे। धाम पहुंचकर उन्होंने बागेश्वर बालाजी भगवान के दर्शन किए और विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। दर्शन के पश्चात गवई परिवार ने बागेश्वर सरकार से भेंट की, जहां उन्हें बालाजी भगवान का पावन चित्र भेंट स्वरूप प्रदान किया गया।
करीब आधे घंटे तक चली इस विशेष मुलाकात में आध्यात्मिक विषयों के साथ-साथ बागेश्वर धाम में संचालित गुरुकुलम और विभिन्न सामाजिक-धार्मिक गतिविधियों पर भी चर्चा हुई। गौरतलब है कि यह गवई जी का पहला दौरा नहीं है। इससे पहले भी वे अपने कार्यकाल के दौरान कई बार बागेश्वर धाम आ चुके हैं, जो उनकी गहरी आस्था को दर्शाता है।

