पन्ना, मोहम्मद मुस्तकीम। अजयगढ़ क्षेत्र से आ रही है बाढ़ की चेतावनी भरी तस्वीर। पिछले 24 घंटे से लगातार हो रही तेज बारिश ने अजयगढ़ और आसपास के इलाकों में बाढ़ जैसे हालात पैदा कर दिए हैं। नदी-नाले उफान पर हैं और कई गांवों का संपर्क पूरी तरह कट गया है।

अजयगढ़ क्षेत्र से बहने वाली केन नदी, रुन्झ नदी और बागे नदी में जल स्तर लगातार बढ़ता जा रहा है। कई नाले भी उफान पर बह रहे हैं। सबसे खतरनाक स्थिति रुन्झ नदी में बनी हुई है। शहपुरा से धरमपुर कालिंजर को जोड़ने वाले पुल के ऊपर से पानी तेज बहाव के साथ गुजर रहा है। इसके बावजूद लोग जान जोखिम में डालकर इस पुल को पार कर रहे हैं।


एक और बड़ी परेशानी गडरपुर से बरियारपुर कुर्मियान को जोड़ने वाली अस्थाई पुलिया के बह जाने से हुई है। तेज पानी के बहाव में यह पुलिया बह गई, जिससे पांच गांवों का आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है। लोग मजबूरी में तेज बहाव वाले नाले को पार करते दिखाई दे रहे हैं। जरूरत का सामान लेने या इलाज के लिए भी उन्हें जान जोखिम में डालना पड़ रहा है।


गौरतलब है कि पिछले साल भी स्थाई पुलिया बाढ़ में बह गई थी। उसका निर्माण अभी तक नहीं हो पाया था, इसलिए प्रशासन ने अस्थाई पुलिया बनाई थी। इस बार वह भी पानी के तेज बहाव में बह गई। नतीजा यह है कि अजयगढ़ आने-जाने में लोगों को जान जोखिम उठानी पड़ रही है।


बाढ़ के इन हालातों को देखते हुए पन्ना कलेक्टर ने सभी शासकीय एवं अर्थशासकीय स्कूलों की छुट्टी घोषित कर दी है। अजयगढ़ एसडीएम आलोक मार्को ने जलभराव और बाढ़ की स्थिति को देखते हुए कई स्थानों पर राजस्व विभाग के कर्मचारियों की निगरानी के लिए तैनाती कर दी है। उन्होंने लोगों से नदी-नाले न पार करने की अपील भी की है। अजयगढ़ थाना प्रभारी हरि सिंह ठाकुर भी पुलिस टीम के साथ लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।


अजयगढ़ क्षेत्र में बारिश जारी है और नदियों का जलस्तर बढ़ रहा है। प्रशासन सतर्क है, लेकिन लोगों से अपील है कि वे जोखिम भरे रास्ते न अपनाएं और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति पर हमारी टीम लगातार नजर रखे हुए है।