छतरपुर, संदीप यादव। गढ़ीमलहरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत गरेला टोल प्लाजा के पास बीती देर रात दो ट्रकों के बीच जोरदार आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। इस भीषण सड़क हादसे में दोनों ट्रकों के चालक गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद ट्रक के केबिन में फंसे ड्राइवर को बाहर निकाला।


जानकारी के अनुसार बरेली निवासी मुमत्याज अहमद (23 वर्ष) पिता जलील अहमद, अपने ट्रक में माल लादकर चेन्नई जा रहा था। जैसे ही वह गरेला टोल के आगे पहुँचा, सामने से आ रहे एक अन्य ट्रक से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई। दूसरा घायल चालक सागर जिले के शाहगढ़ का निवासी बताया जा रहा है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मुमत्याज अहमद ट्रक के क्षतिग्रस्त हिस्से में बुरी तरह फंस गया था। सूचना मिलते ही गढ़ीमलहरा पुलिस और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुँचे। कड़ी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला गया और डायल 112 की मदद से दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुँचाया गया। जिला अस्पताल में उपचाराधीन घायल मुमत्याज अहमद ने बताया कि वह चेन्नई जा रहा था तभी अचानक सामने से आए ट्रक ने टक्कर मार दी। हालांकि घायल ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि अस्पताल में भर्ती होने के बाद भी इलाज के लिए घंटों तक कोई उचित सुनवाई या ध्यान नहीं दिया जा रहा है।