सतना,अंबिका केशरी। जिले में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां मनचलों की प्रताड़ना और सामाजिक बदनामी से परेशान होकर एक 17 वर्षीय किशोरी ने आत्महत्या कर ली। मामले में पुलिस ने गंभीरता दिखाते हुए महिला सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर आत्महत्या के कारणों का खुलासा किया है। कोलगवां थाना प्रभारी टीआई सुदीप सोनी के अनुसार, 11 फरवरी को किशोरी ने अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी थी। घटना की सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। जांच के दौरान सामने आया कि क्षेत्र के ही पिंटू डोहर उर्फ पुरुषोत्तम और लल्ली वर्मा लंबे समय से किशोरी को परेशान कर रहे थे। दोनों की हरकतों से किशोरी मानसिक रूप से काफी तनाव में थी। इसी बीच मोहल्ले में रहने वाली लक्षमिनिया भी किशोरी के बारे में आपत्तिजनक और भ्रामक बातें फैलाकर उसे बदनाम कर रही थी। लगातार हो रही इस प्रताड़ना और सामाजिक दबाव के कारण किशोरी ने आत्मघाती कदम उठा लिया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तीनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 107 और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया। सोमवार सुबह तीनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।