चंबल नदी में नाव पलटने से किसान की डूबने की घटना, चल रहा है तलाशी अभियान

Advertisement
मंदसौर,ललित शंकर धाकड़। जिले के शामगढ़ थाना क्षेत्र के रणायरा गांव के निकट चंबल नदी में एक दर्दनाक हादसा हो गया है। 53 वर्षीय किसान गुमान सिंह पुत्र फते सिंह नदी में डूब गए। जानकारी के अनुसार, किसान अकेले छोटी नाव पर सवार थे और अपने रिश्तेदार के यहां अफीम की लुनाई-टकाई करने जा रहे थे। इसी दौरान नाव अचानक असंतुलित हो गई और पलट गई, जिससे वे नदी में गिर गए।
घटना की सूचना मिलते ही चंदवासा चौकी पुलिस मौके पर पहुंच गई। इसके अलावा बसई के गोताखोरों की टीम ने भी नदी में सर्चिंग अभियान शुरू कर दिया है। फिलहाल खबर लिखे जाने तक किसान गुमान सिंह का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। पुलिस और गोताखोर टीम लगातार चंबल नदी में तलाशी कार्य में जुटी हुई है।
प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं और लापता किसान को जल्द से जल्द सुरक्षित निकालने के प्रयास तेज किए जा रहे हैं। चंबल नदी में तेज धारा और गहराई के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। स्थानीय लोगों में इस हादसे से दुख और चिंता का माहौल है।
