मंदसौर, ललित शंकर धाकड़| मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में एक गंभीर हत्याकांड को लेकर परिजनों ने न्याय की मांग तेज कर दी है। मृतक धनराज योगी की मौत के मामले में उसकी पत्नी और एक अन्य व्यक्ति पर हत्या का आरोप लगाया गया है। परिजनों के अनुसार, यह घटना बेहद संवेदनशील और चिंताजनक है, जिसकी निष्पक्ष और गहन जांच की आवश्यकता है। उनका आरोप है कि इस मामले में नामजद आरोपी पंकज चौधरी और धापू बाई के अलावा भी अन्य लोगों की संलिप्तता हो सकती है। इसी को लेकर परिजन पुलिस अधीक्षक कार्यालय मंदसौर पहुंचे और उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराने, केंद्रीय एजेंसी से जांच कराने तथा सभी आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।


परिजनों ने यह भी कहा कि पूरे मामले की गहराई से जांच की जाए, ताकि सच्चाई सामने आ सके और दोषियों को सजा मिल सके। साथ ही, उन्होंने मृतक के बच्चों के भविष्य को लेकर चिंता जताते हुए राज्य सरकार से आर्थिक सहायता देने की मांग भी की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है।